सुपौल। एसएसबी 45वीं बटालियन मुख्यालय एवं उसकी बाह्य सीमा चौकियों में बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया और इस मौके पर वृहद पैमाने पर पौधारोपण भी किया गया। जानकारी देते हुए एसएसबी 45 वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि मानव जीवन में पेड़-पौधों का महत्व अत्यधिक है। आजकल की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में मनुष्य पेड़-पौधों को काटता जा रहा है जिस कारण पृथ्वी पर ऑक्सीज़न की कमी के साथ मनुष्य की सांस भी कम होती जा रही है। हमारा सारा जीवन पर्यावरण पर निर्भर करता है। यह हमारे जीवन को निर्देशित करता है और हमारे उचित विकास और वृद्धि को निर्धारित करता है। सामाजिक जीवन के अच्छे और बुरे गुण हमारे प्राकृतिक वातावरण की गुणवत्ता पर निर्भर करते हैं। मनुष्यों की भोजन, पानी, आवास और अन्य वस्तुओं की जरुरत हमारे चारों ओर के पर्यावरण पर निर्भर होती है।
उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार पर्यावरण को सुरक्षित करने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम कर बुधवार को सभी सीमा चौकियों एवं बटालियन मुख्यालय द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में वृहत पैमाने पर पौधारोपण कर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के अनेक स्थानों पर पौधा लगाया गया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1972 मे संयुक्त राष्ट्र महासभा ने पर्यावरण पर स्टॉकहोम सम्मेलन के दौरान 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में नामित करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। प्रथम विश्व पर्यावरण दिवस 1973 में केवल एक पृथ्वी विषय के साथ मनाया गया था। कार्यक्रम के मौके पर द्वितीय कमान पदाधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उपकमाडेंट रूपेश शर्मा, सुदेश कुमार, इंस्पेक्टर सुधांशु मिश्रा इत्यादि ने कार्मिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए पेड़ लगाया गया। इसके अलावा रिफ्यूजी कॉलोनी में उपकमांडेंट शैलेश कुमार सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट अजय कुमार ने भी पौधरोपण किया। इस मौके पर 45 वी बटालियन ने कुल 2185 पौधे लगाए।



कोई टिप्पणी नहीं