सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर 2 स्थित ठाढी धत्ता गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। शौच करने गए 18 वर्षीय मुकेश कुमार की नदी में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुकेश यादव अपने घर से पूरब बह रही कोशी नदी किनारे शौच करने गया था। शौच के बाद पानी लेने के लिए नदी किनारे गया, जहां उसका पैर फिसलकर नदी में चला गया। इससे उसकी मौत हो गई। मुकेश के परिजनों ने जब उसे नहीं लौटते देखा, तो उसकी खोजबीन शुरू की। करीब तीन घंटे के खोजबीन के बाद नदी से शव बरामद किया गया।
घटना की जानकारी स्थानीय अधिकारियों को दी गयी। जिसके बाद सीओ के निर्देश पर आपदा मित्र ने युवक के शव को नदी से बाहर निकाला। मुकेश की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां कल्पना देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। थानाध्यक्ष नितू सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सुपुर्द कर दिया गया है। आवेदन के आलोक में सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं