सुपौल। राजेश्वरी थाना क्षेत्र के महम्मदगंज गांव में शुक्रवार रात को 22 वर्षीय सलेन कुमार सरदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक भपटियाही वार्ड संख्या 12 निवासी लतर सरदार का पुत्र था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक के पिता लतर सरदार ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। उनके अनुसार, सलेन कुमार की शादी दो वर्ष पहले महम्मदगंज की करीना कुमारी से हुई थी, लेकिन शादी के बाद करीना के गांव के कुछ लोगों के साथ अवैध संबंधों के कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसके बाद करीना कई महीनों से अपने फुआ के घर रह रही थी और सलेन अपनी पत्नी को ससुराल वापस लाने के लिए कई बार गया था, लेकिन वह नहीं आई।
शुक्रवार को ससुराल पक्ष ने सलेन को पत्नी की विदाई के लिए महम्मदगंज बुलाया था, लेकिन जब वह ससुराल पहुंचा, तो उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। इससे आक्रोशित सलेन का ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हुआ, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव ससुराल के बरामदे में पड़ा मिला।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। राजेश्वरी थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होगा। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ जांच की जा रही है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद रविवार को परिजनों के हवाले कर दिया गया। शव जब बलथरवा गांव पहुंचा, तो परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। मृतक के पिता, मां और अन्य परिजनों का कहना है कि उनके बेटे की हत्या ससुराल वालों ने की है। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कोई टिप्पणी नहीं