सुपौल। जिला राजद कार्यालय में युवा राजद की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा राजद जिलाध्यक्ष अनोज आर्य उर्फ लव यादव ने की, जबकि युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि मनाई गई और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में आगामी 5 मार्च को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में होने वाले युवा चौपाल कार्यक्रम की तैयारी और उसे सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है। शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। किसान परेशान हैं और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। अपराध बढ़ने से आम लोगों में भारी आक्रोश है।
युवा राजद नेताओं ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर 5 मार्च को युवा चौपाल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक का संचालन मो. अनवर ने किया। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव सह पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव, जिलाध्यक्ष संतोष सरदार, रामनाथ मंडल, संतराम, विनोद कुमार यादव, सोनी कुमारी, प्रशम प्रकाश, प्रभाकर सहित कई राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं को 5 मार्च के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरे जिले में जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
कोई टिप्पणी नहीं