सुपौल। बसंतपुर प्रखंड के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर पंचायत के साहेवान वार्ड संख्या 6 में रविवार देर रात एक 19 वर्षीय विवाहिता की फांसी लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान विजय सादा की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना अध्यक्ष पिंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे मृतका के मायके वाले पिपरा थाना क्षेत्र के हटवरिया वार्ड 15 से पहुंचे। परिजनों ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि रविवार रात दामाद का फोन आया था, जिसमें कहा गया कि पूजा घर में नहीं मिल रही है। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसने फांसी लगा ली है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका का पति विजय सादा और उसके ससुर बाहर दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं, जबकि पूजा अपनी सास के साथ घर पर रहती थी। बताया जा रहा है कि करीब आठ महीने पहले पूजा ने विजय सादा से प्रेम विवाह किया था और तब से वह ससुराल में रह रही थी।
थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं