सुपौल। पिपरा पश्चिम मंडल के रामनगर शक्ति केंद्र स्थित पुरानी शिव मंदिर परिसर में बुधवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को सुशासन दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पिपरा पश्चिम मंडल अध्यक्ष इंद्रदेव मंडल ने की, जबकि संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष मिथिलेश राय ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के अद्वितीय नेता थे। उनके नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम हासिल किए। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व ऐसा था, जिसे न केवल सत्तापक्ष बल्कि विपक्ष भी सम्मान देता था। उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में 22 पार्टियों को साथ लेकर सफल सरकार चलाई। वाजपेयी जी के नेतृत्व में कोसी नदी पर महासेतु और फोर लेन सड़क निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए, जो कोसी और मिथिलांचल को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बने।
भाजपा निवर्तमान महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वाजपेयी जी के शासनकाल में स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, कोसी महासेतु, और अन्य कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गईं, जो आज भी देश के लिए वरदान साबित हो रही हैं। अशोक सम्राट ने कहा कि अटल जी ने राष्ट्र निर्माण और सुशासन की परिकल्पना को साकार किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण बच्चों के बीच कॉपी और कलम का वितरण किया गया। यह कदम बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से उठाया गया। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आग्रह किया। सभा में माहौल भावुक और प्रेरणादायक रहा।
कोई टिप्पणी नहीं