सुपौल। सदर प्रखंड के बरूआरी गांव स्थित मां दुर्गा दस महाविद्या, नवग्रह एवं कृष्ण मंदिर परिसर में 19 से 27 जनवरी तक आयोजित शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा को लेकर माघ कृष्ण पक्ष मौनी अमावस्या के अवसर पर रविवार को भव्य कलश जल शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा की शुरुआत दुर्गा स्थान के मुख्य द्वार से हुई।
कलश यात्रा का उद्घाटन पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह एवं जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। काशी-बनारस से पधारे विद्वान आचार्य श्री कृष्णानंद जी शास्त्री पुराणिक महाराज के निर्देशन में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ कलश यात्रा निकाली गई।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, घोड़ा-गाड़ी एवं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा की शोभा बढ़ा दी। आयोजकों के अनुसार इस भव्य यात्रा में करीब 1100 महिलाओं ने भाग लिया। कलश यात्रा भरवारी बरूआरी पूर्व, बरेल, सिमरा चौक एवं जगतपुर होते हुए कपिल मुनि घाट स्थित कपिलेश्वर धाम पहुंची, जहां 25 यजमानों, यज्ञ समिति के सदस्यों एवं सभी कलश यात्रियों का विधिवत पूजन कर जल भरवाया गया।
इस अवसर पर आचार्य श्री कृष्णानंद जी महाराज ने कहा कि समस्त प्राणियों की उत्पत्ति जल से हुई है और जल ही जीवन का आधार है। इसी पवित्र भावना के साथ कलश यात्रा का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह एवं जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि हिंदू संस्कृति, परंपरा एवं देवी-देवताओं की कृपा से ही मानव जीवन का कल्याण संभव है। यह शतचंडी महायज्ञ क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं समृद्धि के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
यज्ञ समिति के अनुसार 19 जनवरी से 27 जनवरी तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक हवन, पूजन एवं पाठ तथा अपराह्न 2 बजे से सायं 7 बजे तक श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। 19 जनवरी को सुबह 7 बजे प्रथम आहुति दी गई। यज्ञ का संचालन काशी-बनारस एवं बक्सर से आए विद्वान पंडितों द्वारा किया जा रहा है। कलश यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुलिस बल, महिला पुलिस, स्वास्थ्य विभाग की एएनएम टीम एवं अग्निशमन सेवा की समुचित व्यवस्था की गई थी।
यज्ञ संरक्षक शेखर सिंह, अध्यक्ष सुनील कुमार यादव एवं सचिव रमेश कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 16 वर्षों के बाद क्षेत्र में इस प्रकार का भव्य महायज्ञ आयोजित हो रहा है। आयोजन को सफल बनाने में पेंशनर समाज के अध्यक्ष सुरेश्वर सिंह, नरेश प्रसाद सिंह, महेश्वर सिंह, प्रभाकर, ज्योति सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं युवाओं का सराहनीय योगदान रहा।

कोई टिप्पणी नहीं