Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

छातापुर : ब्रह्माकुमारी संस्थान का ‘वाह जिंदगी वाह’ समारोह आयोजित




सुपौल। छातापुर मुख्यालय स्थित डाकघर के समीप एक होटल में गुरुवार को ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से ‘वाह जिंदगी वाह’ समारोह का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. ई.वी. स्वामिनाथन, राजयोगिनी बिमला दीदी, उमा दीदी, पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा, केशव कुमार गुड्डू और शालीग्राम पांडेय समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिला संचालिका शालिनी दीदी के संचालन में आयोजित इस समारोह में क्षेत्र के बड़ी संख्या में अध्यात्मप्रेमी महिला और पुरुष शामिल हुए। ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर और पुष्प भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य वक्ता डॉ. ई.वी. स्वामिनाथन ने परमात्मा के स्वरूप, ज्ञान, गुण और शक्तियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि परमात्मा मानव जीवन के सबसे बड़े दाता हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा मनुष्य को तीन अनमोल उपहार—ज्ञान, गुण और शक्तियां प्रदान करते हैं। आत्मा ऊर्जा का केंद्र है और परमात्मा का अंश है, जो शांति, प्रेम, आनंद और ज्ञान का स्वरूप है।

उन्होंने वर्ष 2008 की कोसी त्रासदी को याद करते हुए कहा कि उस समय वे अपनी टीम के साथ इस क्षेत्र में आए थे और लोगों के दर्द को करीब से महसूस किया था। उन्होंने कहा कि 2026 में दोबारा आने पर इलाके में हुए सकारात्मक बदलाव को देखकर बहुत अच्छा लगा।

डॉ. स्वामिनाथन ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत पर चिंता जताते हुए कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वयं आध्यात्मिक जीवन अपनाएं, ताकि बच्चों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े।

राजयोगिनी उमा दीदी ने कहा कि मेडिटेशन सभी समस्याओं का समाधान और मानसिक बीमारियों से मुक्ति का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब धर्म की अत्यधिक ग्लानि होती है, तब परमात्मा धरा पर अवतरित होकर मानव कल्याण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने बताया कि परमात्मा निराकार ज्योति बिंदु हैं और आत्मा भृकुटि के मध्य निवास कर शरीर का संचालन करती है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को पांच मिनट तक ध्यान लगाकर मेडिटेशन भी कराया।

राजयोगिनी विमला दीदी ने कहा कि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में वर्ष के 365 दिन कक्षाएं संचालित होती हैं और यहां के शिक्षक स्वयं परमपिता परमेश्वर हैं। उन्होंने कहा कि यहां की शिक्षा मनुष्य को श्रेष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि जब वे नोएडा में थे, तब लगभग 16–17 वर्षों तक इस संस्था से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि ‘वाह जिंदगी वाह’ समारोह हम सभी को हर परिस्थिति में खुश रहकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है। समारोह के अंत में स्थानीय संचालिका किरण बहन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के समापन के बाद उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर ललितेश्वर पांडेय, गौरीशंकर भगत, सुशील कर्ण, सुधीर कर्ण, संजीत कुमार चौधरी, उपेंद्र भगत, पंकज भगत, अरुण सिंह, अशोक भगत, दिनेश चौधरी, अनोज कुमार सिंह, लल्लू सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रहलादचंद साह, लड्डू पोद्दार, रमेश पोद्दार, सुशीला देवी, इंदु देवी, अर्चना देवी, कुमारी अंजनी, रीमा कुमारी, कुमारी अंजली, वंदना कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।


कोई टिप्पणी नहीं