Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

त्रिवेणीगंज : भीड़तंत्र का सामने आया शर्मनाक चेहरा, नाबालिग की पिटाई कर जबरन कराई शादी, वीडियो वायरल




सुपौल। त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र के रजेश्वरी थाना क्षेत्र से भीड़तंत्र की एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां ग्रामीणों की भीड़ ने एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जबरन शादी एक नाबालिग लड़की से करा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मामला रजेश्वरी थाना क्षेत्र के तमुआ पंचायत स्थित गोचर भतनी टोला का है। बताया जाता है कि तमुआ गांव निवासी सुधीर यादव के पुत्र प्रिंस कुमार की करीब आठ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पास के एक गांव की लड़की से दोस्ती हुई थी।

बताया जाता है कि बुधवार (11 मार्च) की शाम लड़की ने फोन कर प्रिंस को गोचर भतनी टोला स्थित एक मंदिर में मिलने के लिए बुलाया था। जब दोनों मंदिर के पास मिले तो वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने लड़के को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ युवक को घेरकर मारपीट कर रही है। कुछ लोग उसे जान से मारने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं। पिटाई के दौरान युवक बार-बार लोगों से रहम की गुहार लगाते हुए कहता है कि “हम अभी पढ़ाई कर रहे हैं, अभी शादी नहीं करेंगे, मेरा करियर चौपट हो जाएगा।” इसके बावजूद भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी और दबाव बनाकर दोनों नाबालिगों की जबरन शादी करा दी।

वीडियो में यह भी दिख रहा है कि मारपीट और दबाव से तंग आकर युवक ने खुद का गला दबाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है और कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

इधर, युवक के पिता सुधीर यादव ने इस मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने चार नामजद समेत कई अज्ञात लोगों पर उनके पुत्र का जबरन अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है।

सुधीर यादव और उनकी पत्नी किरण देवी ने बताया कि बुधवार शाम उन्होंने अपने बेटे प्रिंस को गोचर हटिया कुछ सामान खरीदने के लिए भेजा था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली।

परिजनों का कहना है कि बुधवार रात करीब 12 बजे स्थानीय थाना में आवेदन देने के बावजूद अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की गई है और न ही उनके बेटे की बरामदगी हो सकी है। परिवार को आशंका है कि कहीं उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी न हो जाए।

फिलहाल बताया जा रहा है कि युवक अभी भी लड़की पक्ष और कुछ ग्रामीणों के कब्जे में है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। मामले को लेकर जब गुरुवार शाम एसडीपीओ विभाष कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि युवक की बरामदगी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक की बरामदगी नहीं हो सकी थी।

कोई टिप्पणी नहीं