सुपौल। जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत बरूआरी पंचायत में जर्जर सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और जिला पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि पंचायत के वार्ड संख्या 1 और 3 के बीच स्थित सड़क पिछले लगभग चार वर्षों से जर्जर अवस्था में है। विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का आवागमन काफी कठिन हो जाता है।
उन्होंने बताया कि इसी मार्ग पर हरिजन विद्यालय स्थित है, जहां पढ़ने जाने वाले बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थिति ऐसी है कि अभिभावकों के बिना बच्चे विद्यालय जाने से कतराते हैं। यह सड़क गांव के कई वार्डों—1, 3 और 4—की बड़ी आबादी को जोड़ती है, जिससे इस मार्ग का महत्व और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उक्त सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के साथ नाला युक्त पक्की सड़क बनाई जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।
इस मौके पर मुकेश कुमार सिंह, जोगी ठाकुर, कन्हैया सिंह, फूलचंद देवी, कविता देवी, निर्या देवी, शिव ठाकुर, पंकज झा और गुड्डू कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं