सुपौल। रविवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने शहर की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। एक ओर जहां बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
त्रिवेणीगंज शहरी क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच 327ई स्थित पुरानी बैंक चौक से वंशी चौक रोड, मेला ग्राउंड रोड, आदर्श मोहल्ला रोड समेत कई जगहों पर पानी जमा हो जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर परिषद प्रशासन के साफ-सफाई और स्वच्छता अभियान के दावे भी बारिश के साथ ही फेल होते नजर आए। दुर्गा मंदिर के पश्चिम से पंचमुखी चौक जाने वाली सड़क पर ठाकुरबाड़ी के पास हालात और भी बदतर हैं, जहां जलजमाव और कीचड़ के बीच लोगों को आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध ने स्थिति को और भी खराब बना दिया है, जिससे लोग नाक पर रुमाल रखकर चलने को विवश हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद प्रशासन लंबे-चौड़े दावे तो करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं दिख रही है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही समस्या उत्पन्न हो जाती है।
फिलहाल, शहरवासी इस समस्या से जूझ रहे हैं और प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं