सुपौल। वीरपुर नगर के वार्ड संख्या 4 स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में आयोजित नवाह यज्ञ का सोमवार को भव्य महाभंडारे के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर पूरे नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के पुजारी कौशिक पाण्डेय ने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान 18 अप्रैल से प्रारंभ हुआ था, जो पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न कराया गया। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाता रहा, जिसमें स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
समापन के अगले दिन मंगलवार को यज्ञ में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का गाजे-बाजे के साथ विसर्जन किया गया। दोपहर लगभग 2 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बसमतिया रोड स्थित हईया पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
इस आयोजन में अशोक पंकज, दयानंद सिंह, राकेश कुमार, अनिश कुमार, राजकुमार, पीयूष पांडे, शांतनु पांडे, तुषार राय और रोहित कुमार सहित कई स्थानीय लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन ने वीरपुर नगर में आस्था, एकता और धार्मिक उत्साह का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

कोई टिप्पणी नहीं