सुपौल। जिला मुख्यालय स्थित सम्राट अशोक भवन में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल द्वारा सामाजिक न्याय पर एक विचार परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह, पूर्व मंत्री सह विधायक ललित कुमार यादव, विधायक भरत भूषण मंडल, विधायक प्रो. खालिद, प्रदेश महासचिव बदरे आलम बदर और रोहित चौधरी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे।
परिचर्चा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह ने कहा कि राजद का वैचारिक आधार सामाजिक न्याय, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता जन जन तक पहुंचाना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने जो विचारधारा स्थापित की है, उसे तेजस्वी यादव आगे बढ़ा रहे हैं और अब वक्त आ गया है कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाए, ताकि समाज के हर वर्ग को न्याय मिल सके।
पूर्व मंत्री ललित कुमार यादव ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी की सफलता कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता पर निर्भर है। विधायक भरत भूषण मंडल ने आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाने पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं से तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।
परिचर्चा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समय की मांग महागठबंधन की सरकार है, लेकिन इसके लिए संगठन स्तर पर व्यापक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है और प्रचार-प्रसार में ताकत झोंक रही है। ऐसे में राजद कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर भी सक्रिय होना होगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संतोष सरदार, युवा जिलाध्यक्ष अनोज आर्य उर्फ लव यादव, रामनाथ मंडल, चंद्रिका देवी, महेंद्र साहू, विजय यादव, विद्या देवी, विद्याभूषण कुमार, दिनेश यादव, सुरेंद्र कुमार श्यामल, सोनी कुमारी समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं