सुपौल। रतनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर वार्ड नंबर-09 में रविवार रात एक श्राद्ध भोज के दौरान फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज कराया जा रहा है और दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुरा थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रतनपुरा थाना कांड संख्या 60/2025 के तहत मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में भगवानपुर वार्ड नंबर-09 निवासी हरि मेहता उर्फ हरिलाल मेहता, उनकी पत्नी संजना देवी और साहेबान वार्ड नंबर-06 निवासी सुनील मेहता उर्फ सुनील कुमार शामिल हैं। सभी को रतनपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान सुनील मेहता की निशानदेही पर एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसे अनलोड करने पर दो जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग की असली वजह क्या थी। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस सतर्क है।
कोई टिप्पणी नहीं