सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अंचलों में लंबित राजस्व मामलों, भू-अर्जन कार्यों तथा दाखिल-खारिज वादों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत अररिया–परसरमा फोरलेन निर्माण के लिए किए जा रहे भू-अर्जन कार्यों की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने सुपौल, पिपरा और त्रिवेणीगंज के अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि फोरलेन परियोजना के लिए आवश्यक जॉइंट मेजरमेंट सर्वे (JMS) अविलंब पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने अन्य योजनाओं से संबंधित भू-अर्जन कार्यों में भी तेजी लाने पर जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सभी अंचलों में 75 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सुपौल और त्रिवेणीगंज अंचल में अधिक संख्या में लंबित वाद पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने सुपौल अंचल अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि अगली बैठक से पूर्व 75 दिनों से अधिक लंबित सभी दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों की समयबद्ध पूर्ति एवं राजस्व कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं