सुपौल। निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही पंचायत अंतर्गत जरौली गांव में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार दो अपराधियों ने हरियाही पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी जगदीश ठाकुर को गोली मार दी। वारदात के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से जख्मी हुए करीब 60 वर्षीय जगदीश ठाकुर को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, निर्मली ले जाया गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि घायल की पीठ के आसपास गोली लगी है और उनकी हालत चिंताजनक है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घायल से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वह निर्मली बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जरौली मंदिर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी और भाग निकले।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास गश्ती तेज कर दी है। अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू की गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं