सुपौल। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के गणपतगंज स्थित हरावत राज उच्च विद्यालय के मैदान पर रविवार को एक दिवसीय शिव गुरु महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगी थी और दोपहर तक पूरा पंडाल खचाखच भर गया। नमः शिवाय के जयघोष और भक्ति गीतों से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक हो उठा।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिव शिष्या बरखा आनंद तथा शिव शिष्य अर्चित आनंद उर्फ अन्नू बाबू उपस्थित रहे। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में कोसी, सीमांचल और मिथलांचल के सभी जिलों के अलावा मुजफ्फरपुर, रांची सहित पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन समिति के अनुसार शिव चर्चा सुनने के लिए लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए सुपौल जिले के शिव शिष्य परिवार के सैकड़ों सदस्य करीब एक माह से तैयारी में जुटे हुए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विशाल पंडाल, आकर्षक मंच सज्जा, बेहतर ध्वनि व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन, अस्थायी शौचालय एवं चिकित्सा शिविर की व्यवस्था की गई थी। साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए थे।
शिव गुरु महोत्सव के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने अनुशासन व श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

कोई टिप्पणी नहीं