सुपौल। अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस के निर्देश पर जिले में चलाए गए सघन अभियान के दौरान अंतरजिला हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित विशेष टीमों की छापेमारी में भारी मात्रा में हथियार, कारतूस, वाहन और नकदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को किशनपुर थाना क्षेत्र के तुलापट्टी वार्ड नंबर 02 से पुलिस ने 01 पिस्टल, 01 मैगजीन, 01 जिंदा कारतूस, 01 चारपहिया वाहन और 04 मोटरसाइकिल के साथ 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
वहीं 19 अप्रैल 2026 को सुपौल थाना क्षेत्र के डिग्री कॉलेज के पास एक मकान में छापेमारी कर 03 पिस्टल, 06 मैगजीन, 02 मोबाइल फोन और 2 लाख 08 हजार रुपये नकद के साथ एक अंतरजिला तस्कर को दबोचा गया।
इसी दिन पिपरा थाना क्षेत्र के दीनापट्टी वार्ड नंबर 14 से 01 पिस्टल, 03 मैगजीन, 04 कारतूस और 01 खोखा के साथ 03 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा 24 अप्रैल 2026 को राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास नहर पुल के पास से पुलिस ने 01 देशी कट्टा, 02 जिंदा गोली, 05 अर्द्ध-निर्मित पिस्टल, 01 मोटरसाइकिल और 02 मोबाइल बरामद करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रूपम कुमार, प्रभाष कुमार, हर्ष कुमार, विकास कुमार, अरविन्द यादव सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अरविन्द यादव के खिलाफ पूर्व में भी खगड़िया जिले में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस अब बरामद हथियारों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने, आपराधिक नेटवर्क की पहचान करने और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं