सुपौल। नगर पंचायत निर्मली स्थित कांग्रेस नेता नीरज चौधरी के निजी आवास पर मंगलवार को कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुपौल के पर्यवेक्षक प्रकाश चंद्र झा भी शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवकुमार यादव ने की।
बैठक के दौरान अनुमंडल स्तर पर BPCC पर्यवेक्षकों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर पर्यवेक्षक प्रकाश चंद्र झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सदस्यता अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई है और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए नए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अब पार्टी से जुड़ना पहले से अधिक आसान हो गया है, क्योंकि इच्छुक लोग ऑनलाइन माध्यम से सीधे सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इससे खासकर युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने में सहूलियत होगी।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष महेश कुमार यादव, मोहम्मद हुस्मान, राजेंद्र प्रसाद यादव, रणधीर कुमार यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं