सुपौल। नगर परिषद के वार्ड संख्या एक स्थित पुनर्वास क्षेत्र में सोमवार की रात अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सुनील पंडित और कपिल पंडित के घर पूरी तरह इसकी चपेट में आ गए, जबकि आसपास के तीन अन्य घर जलकर राख हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की वजह गैस सिलेंडर का विस्फोट बताया जा रहा है। सिलेंडर फटते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से आसपास के घरों में फैल गई। विस्फोट के बाद सिलेंडर उछलकर पास में रहने वाले धर्मेंद्र के घर की ओर जा गिरा, लेकिन सौभाग्य से उनके घर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई। उनका कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंचती, तो नुकसान कम हो सकता था।
हालांकि, बाद में पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में करीब तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। सदर अंचल अधिकारी (सीओ) ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को जल्द ही सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं