सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी।
प्रखंड क्षेत्र के ईदगाह सरायगढ़, छिटही हनुमान नगर, जरौली, मुरली, शाहपुर पृथ्वीपट्टी, लौकहा, नौनपार, भपटियाही, कल्याणपुर, ढोली, बनैनिया, झिलाडुमरी सहित अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की।
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बुधवार की शाम बीडीओ अच्युतानंद, सीओ धीरज कुमार, राजस्व अधिकारी राकेश रंजन एवं भपटियाही थाना अध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने पुलिस बल के साथ भपटियाही बाजार सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान लोगों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
वहीं गुरुवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का भ्रमण किया और लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
प्रशासन की सक्रियता और लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं