Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

युवा नशा मुक्ति कार्यक्रम में जिले की तीन विभूतियां सम्मानित


सुपौल। नगर परिषद द्वारा टाउन हॉल में आयोजित “युवा नशा मुक्ति उन्मुखी कार्यक्रम” उस समय खास बन गया, जब जिले की तीन गौरवशाली विभूतियों को एक मंच पर सम्मानित किया गया। मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, चिकित्सा और सुरक्षा सेवा के क्षेत्र में देश-विदेश में पहचान बना चुके तीन व्यक्तित्वों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में साहित्य अकादमी से सम्मानित पुस्तक “धात्री के पात” के लेखक साहित्यकार डॉ. महेंद्र झा, लंदन में विश्वस्तरीय चिकित्सक के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुके डॉ. विभाष चंद्र मिश्र तथा सीआईएसएफ हैदराबाद के डीआईजी शिव कुमार मोहनका शामिल रहे। संयोगवश इन दिनों तीनों विभूतियां सुपौल में मौजूद थीं, जिसे नगर परिषद ने जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी शिव कुमार मोहनका की पुस्तक “Above and Beyond” का विमोचन भी किया गया। उपस्थित लोगों ने इसे उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि बताते हुए सराहना की। वहीं उन्होंने युवाओं को सिविल एविएशन क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और करियर की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. विभाष चंद्र मिश्र ने युवाओं में तेजी से फैल रहे सूखे नशे पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर नशे की गिरफ्त में फंस रहे बच्चों को बचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति एक भी बच्चे को नशे से बाहर निकालने में सफल होता है, तो उसका जीवन सार्थक हो जाता है।

साहित्यकार डॉ. महेंद्र झा ने कहा कि उनकी चर्चित पुस्तक “धात्री के पात” में सुपौल की मिट्टी, संस्कृति और संवेदनाओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। यही कारण है कि इस कृति को साहित्य अकादमी का सम्मान प्राप्त हुआ।

मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि उन्हें सही दिशा, बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण मिले तो वे समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है, इसलिए युवाओं को नशामुक्त बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर डॉ. विजय शंकर चौधरी, मो. जमाल उद्दीन, मिन्नत रहमानी, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, युगल किशोर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, डॉ. कन्हैया सिंह, वार्ड पार्षद गगन ठाकुर, मनीष कुमार सिंह, सुनील सिंह और बबलू समेत कई लोग मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं