सुपौल। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नलिन जायसवाल के नेतृत्व में मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय परिसर में फलदार वृक्षों का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
इस मौके पर उपस्थित किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह प्रदेश मंत्री श्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में हम सभी को सार्थक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण केवल मानव जीवन ही नहीं बल्कि धरती पर बसे सभी जीव-जंतुओं के जीवन को प्रभावित करता है, इसलिए इसका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ऋषि ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवनदायिनी ऑक्सीजन के स्रोत हैं, जो वायु प्रदूषण को कम करते हैं, जलवायु संतुलन बनाए रखते हैं और बाढ़ तथा मिट्टी कटाव को रोकने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि आज के बदलते पर्यावरण परिदृश्य में वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक और अनमोल कार्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाना और उनकी देखभाल करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इससे न केवल हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य भी मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नागेन्द्र नारायण ठाकुर, डॉ. विजय शंकर चौधरी, संतोष प्रधान, जिला प्रभारी अनुरंजन झा, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार झा, शिवधर साह, जिला महामंत्री सुनील कुमार मंडल, नीतिश कुमार, मोर्चा के प्रभारी अशोक कुमार शर्मा उर्फ अशोक सम्राट, प्रदीप सिंह, दिलीप सिंह, रंधीर ठाकुर, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश राम, अनुसूचित जनजाति के अध्यक्ष ज्ञान बहादुर ग्रुम, सुरेन्द्र नारायण पाठक, विमलेन्दु ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं