सुपौल। लोकसभा आम निर्वाचन को लेकर लोगों के बीच मतदान के प्रति जागरूक करने के लिये लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति गामी ने सदर प्रखंड के बसबिट्टी पंचायत के वार्ड नंबर 04 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 187 पर मतदाताओं के बीच संध्या चौपाल आयोजित किया। बीडीओ ने बताया कि यहां पिछले निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत कम था, इसलिये यहां के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। चौपाल में बीडीओ ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित मतदाताओं से पिछले बार कम मतदान के कारणों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए किये जा रहे उपायों पर भी चर्चा की गई। बताया कि महिलाएं किसी भी कार्य में ज्यादा रुचि लेकर कार्य को संपादित करती है। इसलिए यदि महिलाएं मतदान करने जायेंगी तो उनके साथ-साथ पुरुष भी मतदान करने जरूर जायेंगे। कहा कि मतदान दिवस के दिन भी सभी कर्मियों को अपना मत देने के पश्चात टीम बनाकर अपने पोषक क्षेत्र में भ्रमण करके मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर उन्हें बूथ तक भेजने का काम करेंगे।
निर्भीक होकर मतदान करने की अपील
बीडीओ ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारी के संबंध में भी लोगों को बताया गया तथा निर्भीक होकर मतदान करने की अपील किया। कहा कि मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधा उपलब्ध रहेगा। चौपाल में उपस्थित मतदाताओं से सुझाव भी प्राप्त किये गए। सभी लोगों को खासकर जो नये मतदाता बने हैं, उनका मतदान में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए "मेरा पहला वोट देश के लिए" अभियान चलाया जा रहा है। ताकि नए मतदाताओं का मतदान सुनिश्चित कराया जा सके। बैठक में उपस्थित सभी लोगों को लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने की अपील की गयी। बैठक में जीविका दीदी, विकास मित्र, सेविका, स्वच्छता पर्यवेक्षक, स्वच्छता कर्मी तथा अन्य जनप्रतिनिधि के साथ ग्रामीण मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं