सुपौल। राघोपुर प्रखंड के करजाईन निवासी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे स्व. विक्रम सिंह की पुत्रवधू तथा मेदांता अस्पताल पटना के यूरोलॉजिस्ट डॉ. नीरज सिंह की पत्नी काजल कुमारी सिंह को उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है।
महिला राजद की प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपते हुए कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास है कि काजल कुमारी सिंह अपनी सार्थक भूमिका से संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत करेंगी।
अपने मनोनयन पर प्रसन्नता जताते हुए काजल उर्फ अनु सिंह ने राजद के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि आने वाले चुनाव में बिहार के चहुंमुखी विकास के लिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना उनका सपना है। उन्होंने कहा कि पूरी निष्ठा से राजद को सत्ता तक पहुंचाना ही उनका लक्ष्य है।
काजल कुमारी सिंह के मनोनयन पर पूर्व मंत्री एवं विधायक कुमार सरबजीत, पूर्व मंत्री एवं विधान पार्षद अब्दुल बारी सिद्दीकी, एमएलसी अजय कुमार सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह सहित क्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राजद और मजबूत होगा।
कोई टिप्पणी नहीं