सुपौल। छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया में रविवार को अनियंत्रित ट्रैक्टर के नहर में पलटने से डूबने के कारण चालक की मौत हो गई। मृतक 28 वर्षीय रौशन कुमार डहरिया के पैक्स अध्यक्ष सह भाजपा नेता शिवशंकर पांडेय का इकलौता पुत्र था। अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रानीपट्टी वितरणी नहर के रास्ते घर लौटने के क्रम वह हादसे का शिकार हो गया। रौशन की अचानक हुई मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद थाना पुलिस मृतक के घर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। तत्पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया गया। इधर हादसे में असामयिक मौत की जानकारी मिलते ही कई जनप्रतिनिधि, राजनितिक दलों के प्रतिनिधि सहित भारी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे और मौत पर दुख जताते शोक संवेदना व्यक्त किया। बताया जाता है कि रविवार की सुबह रौशन अपना ट्रैक्टर लेकर नहर के किनारे स्थित खेत जोतने गया था। खेत जोतने के बाद वह घर लौटने के लिए ट्रैक्टर को नहर पर चढा रहा था, इसी क्रम में कल्टी लगा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। जहां तकरीबन पांच फीट से अधिक पानी की गहराई में वह स्टेयरिंग के नीचे दब गया। आसपास रहे लोग ट्रैक्टर को पलटता देख वहां पहुंचे, कम संख्या में रहे लोग ट्रैक्टर के नीचे से उसे नहीं निकाल पाये। जानकारी के बाद बस्ती से और भी लोग मौके पर पहुंचे और ट्रेक्टर को सीधा कर रौशन को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हालांकि जिंदा रहने की आस में आनन फानन में उसे सीएचसी छातापुर ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर इकलौते पुत्र की मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मची हुई है। मृतक की पत्नी रीतू देवी, मां नीलम देवी व पिता शिवशंकर पांडेय सहित महिला परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
छातापुर : खेत जोत कर वापस लौट रहे ट्रैक्टर के नहर में पलटने से चालक की डूबने से हुई मौत
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं