सुपौल। जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह कार्य 2 मई से शुरू होकर 31 मई तक चलेगा। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
बुधवार को नगर पंचायत सिमराही कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही उन्हें कार्य से संबंधित मैप और पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए गए, ताकि वे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सुचारु रूप से कार्य कर सकें।
अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि के दौरान प्रगणकों को आवंटित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में प्रत्येक मकान का सूचीकरण और गणना कार्य करना है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को बैच बनाकर छह दिनों का विशेष प्रशिक्षण पहले ही दिया जा चुका है।
इसके साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना की व्यवस्था भी की गई है। कोई भी व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है।
इस अभियान को सफल बनाने में नगर पंचायत में प्रतिनियुक्त शिक्षक अमित कुमार, निरंजन कुमार, डीईओ शंकर कुमार, हीरा कुमार एवं रंजीत कुमार सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें, ताकि सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें और योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके।

कोई टिप्पणी नहीं