सुपौल। जनजातीय समुदायों के समग्र विकास को समर्पित ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA)’ के अंतर्गत सुपौल सदर प्रखंड के वीणा पंचायत स्थित संथाल टोला (वार्ड संख्या 04 व 05) में जिला स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार ने किया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए ताकि योग्य लाभुकों को शत-प्रतिशत योजनाओं से आच्छादित किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की पहुंच जनजातीय परिवारों तक सुनिश्चित की जाए।
विशेष शिविर में कुल 29 अनुसूचित जनजातीय परिवारों के बीच विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभ प्रदान किए गए। जिसमें आयुष्मान भारत कार्ड, ई-श्रम कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए चश्मा वितरण, जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड शामिल थे।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी (ICDS), श्रम अधीक्षक, सुपौल प्रखंड विकास पदाधिकारी, वीणा पंचायत के मुखिया एवं सरपंच, तथा अन्य प्रखंड व पंचायत स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
डीएम सावन कुमार ने शिविर स्थल पर लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना और सभी विभागों को जनजातीय कल्याण के प्रति संवेदनशील और तत्पर रहने का निर्देश दिया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने समाज के सबसे अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने के अपने संकल्प को एक बार फिर दोहराया है।
कोई टिप्पणी नहीं