सुपौल। छातापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजस्व कचहरी के समीप रविवार को स्वतंत्रता सेनानी स्व. चंद्रपत कोठारी की जयंती कांग्रेसजनों द्वारा श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष प्रो. सच्चितानंद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने स्व. कोठारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के संपदा प्रभारी एवं पूर्व विधायक प्रमोद कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि पार्टी के आलाकमान के निर्देश पर राज्यभर में स्वतंत्रता सेनानी स्व. कोठारी की जयंती मनाई जा रही है, ताकि नई पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद रखे।
पूर्व विधायक प्रमोद सिंह ने कहा कि स्व. चंद्रपत कोठारी बंगाल कांग्रेस के प्रदेश डेलीगेट सदस्य थे और स्वतंत्रता संग्राम में उनका विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि कोठारी परिवार ने कांग्रेस संगठन के लिए भी ऐतिहासिक योगदान दिया है। स्व. कोठारी के पौत्र उद्योत चंद्र कोठारी ने कांग्रेस कार्यालय निर्माण हेतु तीन कट्ठा जमीन दान में दी थी, जिसकी केवाला रजिस्ट्री वर्ष 1982 में की गई थी।
पूर्व विधायक ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी चंद्रपत कोठारी और उनके परिवार का कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल में हमेशा विशेष स्थान रहेगा। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों को अपनाने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
इस मौके पर सुशील कुमार मंडल, ललन कुमार यादव, विमलेश यादव, काशी कुमार यादव, कारी यादव, मो. मनसुर आलम, मो. जहांगीर, मो. नजीर, डॉ. जयनारायण शर्मा, मो. रमजानी, मनोज सरदार सहित कई कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम समापन पर सभी ने एक स्वर में स्वतंत्रता सेनानी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं