सुपौल। मरौना प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन, बेलही में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में रविवार को पूर्व तैयारी को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने बाढ़ से जुड़ी तैयारियों पर गंभीर चर्चा की और जरूरी सुझाव भी दिए।
बैठक की शुरुआत में बीडीओ रचना भारतीय, प्रखंड प्रमुख मंजुला देवी, मुखिया जितेंद्र यादव एवं अशोक यादव ने संयुक्त रूप से डीएम का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ का समय नजदीक है, ऐसे में सभी तैयारियों को समय रहते पूरा कर लेना अनिवार्य है। उन्होंने नावों का समय पर पंजीकरण, तटबंधों का निरीक्षण, नाविकों की तैनाती, राहत सामग्री की सूची सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
मुखिया एकता यादव ने बताया कि घोगररिया पंचायत के आठ वार्ड बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित होते हैं, ऐसे में अधिक संख्या में नावों की व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।
कदमाहा पंचायत के मुखिया ने कहा कि उनके क्षेत्र के बाढ़ आश्रय स्थल पर चापाकल की सुविधा नहीं है, इसे अविलंब सुनिश्चित किया जाए। पंचायत समिति सदस्य अजूर आलम ने कोसी के बीच बसे आठ वार्डों तक पहुंचने के लिए एक संपर्क सड़क निर्माण की मांग की।
प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि बाढ़ के समय घोगररिया पंचायत में सिर्फ दो जगह राहत कैंप लगते हैं, जबकि कम से कम चार स्थानों पर कैंप की जरूरत है।
उन्होंने नाव पर न्यूनतम चार नाविकों की तैनाती, रोजाना डीजल की व्यवस्था और क्षति पूर्ति में सभी प्रभावित लोगों को शामिल करने की मांग भी रखी।
डीएम सावन कुमार ने कहा कि सरकार बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसमें जनप्रतिनिधियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी रूप से अंजाम दें। बाढ़ आपदा के समय किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बाढ़ से पूर्व तटबंधों की सुरक्षा, नाव बहाली, जीआर (अनाज) वितरण और सूची सत्यापन जैसे कार्यों की गंभीरता से समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में कोई कोताही न हो।
इस अवसर पर निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा, पीपीआरओ कुमार गौरव, सीडीपीओ आरती कुमारी, एमओ रामलाल पासवान, शिक्षा पदाधिकारी रामप्रसाद सिंह यादव, पशु चिकित्सक कृष्ण कुमार, डॉ. बी. के. पासवान, उप प्रमुख उमर अली, जेई प्रभु मंडल, कार्यपालक सहायक सौरभ कुमार, रविंद्र कुमार, नारायण मंडल, पूर्व मुखिया लक्ष्मी नारायण यादव, एजाजुल हक, अनिल आनंद सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं