सुपौल। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद कोसी नदी के जलस्तर में शनिवार को अचानक तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। शाम 9 बजे तक कोसी बराज पर जल प्रवाह बढ़कर 2,00,430 क्यूसेक तक पहुंच गया, जिसके चलते एहतियातन 56 में से 28 फाटक खोल दिए गए। यह इस वर्ष पहली बार है जब इतने फाटक एक साथ खोले गए।
जानकारी के अनुसार, बराहक्षेत्र में जलस्तर बढ़कर 1,37,375 क्यूसेक हो गया था, जिसके बाद कोसी नदी के निचले क्षेत्रों में पानी का दबाव बढ़ा। लगातार आठ दिनों से जलस्तर 1.50 लाख क्यूसेक से अधिक बना रहने के कारण सुपौल जिले के सरायगढ़, किशनपुर और निर्मली प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे लोग विस्थापित होने लगे हैं।
जल निष्कासन एवं बाढ़ नियंत्रण के अधीक्षण अभियंता संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल बराहक्षेत्र में जलस्तर में कमी आ रही है और जल्द ही कोसी बराज पर भी जलस्तर घटने की संभावना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नदी के दोनों तटबंध के सभी स्पर सुरक्षित हैं और तटबंधों पर चौकसी लगातार जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं