सुपौल। थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब थाना से महज एक किलोमीटर उत्तर-पूर्व स्थित थरबिट्टा कब्रिस्तान से करीब 200 मीटर पूरब सड़क किनारे जलकुंभी से भरे गड्ढे में एक महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को पानी और जलकुंभी के बीच फेंक दिया गया है। शव लगभग चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है और अर्धनग्न अवस्था में मिला है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
मृतका की पहचान थरबिट्टा मुसहरी निवासी उपेंद्र सदा की 40 वर्षीय पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मीना देवी रविवार संध्या से ही घर से लापता थीं। उनके पति उपेंद्र सदा वर्तमान में मद्रास (चेन्नई) में काम करते हैं। मृतका के दो पुत्र और दो पुत्री हैं।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि महिला का किसी से कोई विवाद नहीं था, तो फिर उनकी हत्या क्यों की गई—इसमें किसी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने पुलिस बल को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों द्वारा शव की पहचान कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं