Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

प्रतापगंज : बीस सूत्री की बैठक संपन्न, अतिक्रमण और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा


सुपौल। प्रतापगंज प्रखंड सभागार में शुक्रवार को बीस सूत्री कार्यक्रम की दूसरी बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड बीस सूत्री सह जदयू अध्यक्ष जय प्रकाश जया ने की। बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा के साथ अतिक्रमण, आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली जैसी जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत में बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्य ललित भगत ने कहा कि अतिक्रमणकारियों के कारण सड़कों की चौड़ाई घटती जा रही है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। इस पर सीओ आशुरंजन ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार से बाजार में मापी का कार्य शुरू होगा और अतिक्रमणकारियों को तीन दिन के भीतर सरकारी जमीन खाली करने का नोटिस दिया जाएगा, अन्यथा पुलिस बल के साथ जेसीबी लगाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।

आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा के दौरान सदस्यों ने शिकायत की कि कुछ डीलर राशन में कटौती कर रहे हैं और लाभुकों को समय पर अनाज नहीं दे रहे हैं। एमओ ने स्पष्ट किया कि अब बायोमैट्रिक प्रणाली से राशन वितरण हो रहा है और लिखित शिकायत मिलने पर दोषी डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के मुद्दे पर अवैध नर्सिंग होम और अस्पताल परिसर के सीमांकन का मामला उठाया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सीमांकन के लिए अंचल कार्यालय को आवेदन दिया गया है। शिक्षा विभाग की समीक्षा में बीईओ सह बीपीआरओ शिल्पा कुमारी ने चार स्कूलों के निरीक्षण की जानकारी दी और घटहा मल्लाह टोला के स्कूल में एक माह से मध्याह्न भोजन नहीं चलाने पर एचएम के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

बिजली विभाग के जेई अजय कुमार ने बताया कि 12 अगस्त को चार पंचायतों में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी जाएगी। साथ ही गोविंदपुर पंचायत में बिजली आपूर्ति सुधार के लिए 20 एमबीए का पावर स्टेशन स्वीकृत हुआ है।

बैठक में थानाध्यक्ष प्रमोद झा, पीओ, विभागीय पदाधिकारी और बीस सूत्री के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उपाध्यक्ष संतोष भिंडवार ने सभी को धन्यवाद दिया।

कोई टिप्पणी नहीं