सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार ने मरौना प्रखंड में कोशी नदी के पश्चिम तटबंध के विभिन्न संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपर समाहर्ता सुपौल, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मली, अंचल अधिकारी मरौना, जल संसाधन विभाग के अभियंता एवं संबंधित राजस्व कर्मचारियों के साथ तटबंध की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने तटबंध की सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ताकि संभावित खतरे से बचा जा सके और नदी के कटाव को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान मरौना प्रखंड के संवेदनशील घाटों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां नदी का कटाव तीव्रता से बढ़ रहा है।
डीएम श्री कुमार ने अधिकारियों को कहा कि कोशी नदी के जलस्तर और कटाव पर सतत निगरानी रखी जाए तथा बांध की मजबूती एवं सुरक्षा के लिए जरूरी कदम समय पर उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी इंतजाम पुख्ता हों।
इस निरीक्षण से स्थानीय लोगों को भी राहत मिली है कि प्रशासन कोशी नदी के तटबंध की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहा है और उनकी सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं