सुपौल। सदर प्रखंड क्षेत्र के कर्णपुर गांव में दुर्गा माता मंदिर की स्थापना के पावन अवसर पर शुक्रवार को आस्था, श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में 301 कन्याओं ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली। जय माता दी के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके उपरांत कन्याएं बाबा पीठ पोखर से पवित्र जल भरकर पारंपरिक वेशभूषा में अनुशासित पंक्तियों के साथ गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर परिसर तक पहुंचीं। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तिमय गीतों ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
कलश यात्रा में गांव की महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। कई स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
आयोजन समिति के सदस्यों प्रभात झा, काली चरण झा, कुणाल झा, मो. कमलउद्दीन, प्रमोद मंडल, विजय पाठक, संजय ठाकुर आदि ने बताया कि दुर्गा माता मंदिर की स्थापना के अवसर पर आगामी दिनों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं