सुपौल। जिला मुख्यालय स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय के कर्पूरी सभागार में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके दिखाए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया।
जदयू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पिपरा विधायक सह बिहार विधानसभा सत्तारूढ़ दल के सचेतक रामविलास कामत ने कहा कि बिहार के उत्थान में जननायक कर्पूरी ठाकुर का योगदान अकथनीय है। वे गरीबों, शोषितों और वंचितों की आवाज बनकर जीवन भर सामाजिक उत्थान के लिए संघर्ष करते रहे। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की सादगी और बिहार के समग्र विकास की सोच को हमारी पार्टी निरंतर आगे बढ़ा रही है, इसी कारण पटना स्थित जदयू कार्यालय से लेकर जिलों के सभागार तक उनके नाम पर रखे गए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में न्याय के साथ विकास की अवधारणा को साकार किया जा रहा है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंच रही है।
वहीं निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि शोषितों-वंचितों के उत्थान, आरक्षण नीति और पिछड़ों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले कर्पूरी ठाकुर का जीवन जनसेवा का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम का मंच संचालन अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष किशन मंडल ने किया।
मौके पर त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार, पूर्व विधायक लखन ठाकुर, जिला प्रभारी रामबाबू कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद, मनीष यादव, युगल किशोर अग्रवाल, हरे कांत झा, जगदीश प्रसाद यादव, किशन मंडल, संजीव नयन गुप्ता, प्रमोद कुमार मंडल, ओमप्रकाश यादव, खुर्शीद आलम, नंद किशोर सिंह, पूनम देवी, अजय अजनबी, उपेंद्र मंडल, ओमप्रकाश कामत, प्रियंका कुमारी, सागर यादव, रामकिशोर राय, उद्यानंद विश्वास, अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं