सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय झिल्लाडुमरी परिसर में रविवार को जन सुराज के बिहार बदलाव संवाद के तहत ऐतिहासिक बिहार बदलाव जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ प्रखंड अध्यक्ष सह निर्मली विधानसभा क्षेत्र 41 की संभावित प्रत्याशी शांति कुमारी ने की, जबकि मंच संचालन जन सुराज प्रखंड अध्यक्ष अनमोल भारती ने किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष डॉ. नीलम सिंह ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिना पैसे के किसी भी सरकारी कार्यालय में कार्य नहीं होता। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब राज्य की जनता बदलाव चाहती है।
शांति कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि जन सुराज का मतलब है "जनता का राज"। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने मंदिर के नाम पर वोट दिया, लेकिन केंद्र सरकार ने बिहार की अनदेखी कर गुजरात में फैक्ट्रियां और कल-कारखाने लगवाए। रोजगार के अभाव में बिहार के लोग पंजाब, दिल्ली, हरियाणा समेत देश के अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने घोषणा की कि जन सुराज सरकार बनने पर 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को ₹2000 मासिक पेंशन दी जाएगी। साथ ही, सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस का भी बोझ सरकार उठाएगी। रोजगार सृजन के लिए बड़े पैमाने पर फैक्ट्रियां, कल-कारखाने और सरकारी विभागों में खाली पदों पर बहाली की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वोट करें। उन्होंने कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और योजनाओं में लूट की स्थिति को समाप्त करना जन सुराज का लक्ष्य है।
इस मौके पर कोसी प्रमंडल चुनाव अभियान समिति सदस्य रविंद्र कुमार चौपाल, जिला सचिव नरेश नयन, राघोपुर प्रखंड अध्यक्ष तपेश्वर कुमार भारती, जिला महासचिव डॉ. अजीत कुमार सिंह, नीतीश कुमार मेहता, अनिल कुमार मंडल, कामेश्वर झा, रामचंद्र मेहता सहित बड़ी संख्या में जन सुराज के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं