सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के लालजी मेहता प्राथमिक सह संस्कृत विद्यालय परिसर में मंगलवार को जन सुराज पार्टी के बिहार बदलाव संवाद कार्यक्रम के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की प्रखंड अध्यक्ष एवं संभावित विधानसभा प्रत्याशी शांति कुमारी ने की, जबकि मंच संचालन प्रखंड अध्यक्ष अनमोल भारती ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए शांति कुमारी ने कहा कि बिहार के लोग अब बदलाव चाहते हैं क्योंकि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि जन सुराज का अर्थ है जनता का राज। बिहार में विकास के नाम पर केवल कागजी काम हो रहा है जबकि फैक्ट्रियां और उद्योग गुजरात जैसे राज्यों में लगाए जा रहे हैं। रोजगार के अभाव में बिहार के लोग पंजाब, दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पिछले तीन वर्षों से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझ रहे हैं। शांति कुमारी ने कहा कि सरकार बनने पर जन सुराज पार्टी सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा व्यवस्था लाएगी, बड़े पैमाने पर फैक्ट्री और उद्योग लगाएगी और सरकारी संस्थानों में खाली पदों को भरेगी।
कार्यक्रम में जन सुराज जिला अध्यक्ष इन्द्र देव साह ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी और शिक्षा की खराब स्थिति सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वोट करें। उन्होंने कहा कि जन सुराज की सरकार बनने पर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को रोजगार मिलेगा।
इस मौके पर जिला महासचिव नरेश नयन, जिला प्रभारी सहरसा कृष्ण कुमार राय, प्रखंड अध्यक्ष राघोपुर तपेश्वर भारती, प्रखंड प्रमुख निर्मली राम प्रवेश यादव, अशोक कुमार मेहता, रामानंद कुमार समेत बड़ी संख्या में जन सुराज पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं