सुपौल। निर्मली के ई-किसान भवन परिसर में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता अनुमंडल कृषि पदाधिकारी गोपाल कुमार मंडल ने की। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य रूप से खरीफ फसलों के उन्नत उत्पादन तकनीकों पर केंद्रित रहा।
गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें एसएओ गोपाल कुमार मंडल के साथ प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनोद कुमार, कृषि समन्वयक अजय कुमार अकेला एवं विश्वनाथ भारती ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
अपने संबोधन में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने किसानों को वैज्ञानिक विधियों से खेती करने के लाभ समझाते हुए बताया कि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर किसान अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार कर सकते हैं।
उन्होंने धान की फसल में सामान्यतः लगने वाली बीमारियों—जैसे पीलापन, लालपन और पौधा गलन जैसी समस्याओं के कारण और उनके रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं से निपटने के लिए 200 लीटर पानी में 400 मि.ली. दवा मिलाकर छिड़काव करना चाहिए यानी प्रति लीटर पानी में 1 एमएल दवा की मात्रा उपयुक्त होती है।
साथ ही, उन्होंने सब्जी की फसलों में लगने वाले रोगों के उपचार और बचाव के तरीके भी बताए। किसानों को फसल सुरक्षा, पोषण प्रबंधन और उचित जल प्रबंधन के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका तुरंत समाधान किया गया।
गोष्ठी में कृषि समन्वयक अजय कुमार अकेला, विश्वनाथ भारती, प्रकाश कुमार चौपाल, कुमारी प्रिस प्रिया, एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक ललन कुमार मंडल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं