सुपौल। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शनिवार को सरायगढ़ पंचायत के वार्ड संख्या 14 में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। मध्य विद्यालय सरायगढ़ की शिक्षिका बबीता कुमारी ने महादलित बस्ती की गरीब, निसहाय एवं जरूरतमंद छठव्रती महिलाओं के बीच छठ पूजन सामग्री का वितरण किया।
इस अवसर पर शिक्षिका द्वारा महिलाओं को साड़ी, नारियल, सेब, अनार, केला, सुप, दोरा, कोनिया सहित विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्रियां दी गईं। बबीता कुमारी ने बताया कि हर वर्ष छठ पर्व के अवसर पर वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सहयोग करती हैं ताकि वे भी श्रद्धा और उल्लास के साथ सूर्योपासना का यह महापर्व मना सकें।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सहयोग का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर जरूरतमंदों की मदद करना सच्ची पूजा के समान है।
इस मौके पर सीता देवी, मीना देवी, बीना देवी, दायरानी देवी, घूर्णी देवी, सत्या देवी, कुसुंबती देवी, किसनी देवी, विदा देवी सहित कई महादलित बस्ती की छठव्रती महिलाएं उपस्थित रहीं। सामग्री प्राप्त कर सभी महिलाओं के चेहरों पर खुशी और आभार की झलक स्पष्ट दिख रही थी।

कोई टिप्पणी नहीं