सुपौल। मध्य विद्यालय छातापुर परिसर में रविवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता मध्य विद्यालय गिरिधरपट्टी के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश कुमार ने की। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सह डीडीओ जैनेंद्र मरीक एवं स्थानांतरित एमडीएम प्रखंड साधनसेवी (बीआरपी) बिनोद कुमार राम को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में प्रभारी बीईओ देश कुमार यादव, डीडीओ मोहन कृष्ण, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक बेदानंद मंडल, सुरपत सिंह उच्च प्लस टू विद्यालय के प्रधानाध्यापक गुरुचरण पासवान सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सहायक शिक्षक एवं बीआरसी कर्मी उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक जैनेंद्र मरीक ने भावुक स्वर में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर 1994 को उन्होंने शिक्षा सेवा में प्रवेश किया था और 30 नवंबर को सेवा से निवृत्त हुए। लगभग 31 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का निरंतर प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक के रूप में विद्यालय का सफल संचालन किया तथा डीडीओ पद पर रहते हुए भी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। सेवाकाल के दौरान छात्रों व शिक्षकों से मिले सहयोग और स्नेह को वे सदैव स्मरण रखेंगे।
वहीं स्थानांतरित एमडीएम बीआरपी बिनोद कुमार राम सम्मानपूर्वक विदाई से भावविभोर नजर आए। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में पीएम पोषण योजना की गुणवत्ता उनकी प्राथमिकता रही। अधिकांश विद्यालयों में विभागीय मापदंडों को लागू कराने में सफलता मिली, जिसमें विद्यालय प्रबंधन का सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने एचएम जैनेंद्र मरीक एवं बीआरपी बिनोद कुमार राम के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मोहन कृष्ण, मो. अबूजर गफ्फारी, हरेंद्र कर्ण, श्यामलाल मंडल सुमन, रमेश कुमार, महेश कुसियैत, सुभाष कुमार, राजेश कुमार यादव, कुमार निलोत्पल, हीरालाल पासवान, पवन ठाकुर, विजय कुमार, कुसुमकला कुमारी, उषा कुमारी, गीता कुमारी, केआरपी पूनम पाठक, कंचन कुमारी, अर्चना कुमारी, सुमन कुमार, मो. समद सहित अन्य शिक्षक व कर्मी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं