- अयोध्या में प्रभु श्री राम की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा को ले संपूर्ण जिला रहा राममय
सुपौल। अयोध्या में प्रभु श्री राम के प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को ले संपूर्ण जिला राममय रहा। बाजार भगवा झंडे से पटा रहा तो विविध मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान हुए। कहीं भोज भंडारा का आयोजन हुआ तो कहीं खीर भोजन करा श्रद्धालुओं को तृप्त किया गया। दिन भर शहरी क्षेत्र से लेकर गांवों तक में रामधुन का शोर मचता रहा जिससे संपूर्ण माहौल भक्तिमय हो रहा था। घरों में टीवी पर जारी प्रसारण देख लोग अयोध्या के कार्यक्रम से भी जुड़े रहे। सायंकाल हर एक दुकान व घरों के आगे दीप जले जो दीपावली के नजारे से कम नहीं था। वाहनों पर झंडे लगा लोगों ने प्रभु के आगमन का संदेश बांट रहे थे। भक्तिभाव से ओतप्रोत सोमवार का दृष्य ऐसा लग रहा था जैसे आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। चौक चौराहों पर पटाखे का शोर था तो घरों में पूजा व श्रद्धा भाव। लोग एक दूसरे को प्रभु के आगमन की बधाइयां दे रहे थे। दलगत भावना से ऊपर उठकर अधिकांश सनातनी अपने-अपने घरों की छत पर भगवा झंडे लगाए थे तो युवाओं में अलग ही जोश भरा था। महिलाएं पूजा पाठ में व्यस्त रहीं तो रंगोली कला का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि बाजार में संचालित अधिकांश मांसाहारी दुकानें स्वत: बंद रखी गई थी। मंदिरों में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान देर रात तक जारी रही और जगमग दीप की रोशनी में मंदिरों की छटा निराली थी।

कोई टिप्पणी नहीं