सुपौल। बाल विकास परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-37 का विधिवत उद्घाटन उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सुपौल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान केंद्र के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं सहित अन्य लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी गई।
पदाधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र के सुचारू संचालन, स्वच्छता एवं पोषण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए केंद्र पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में संबंधित जिला समन्वयक, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र को बेहतर ढंग से संचालित करने तथा केंद्र से जुड़े सभी लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।

कोई टिप्पणी नहीं