सुपौल। भीमपुर थाना क्षेत्र के भीमपुर चौक पर रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार की एक पिकअप ने एक होमगार्ड जवान को ठोकर मार दिया। जिससे होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद घायल होमगार्ड जवान को ग्रामीणों के सहयोग से आनन फानन में नरपतगंज अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। मृतक जवान भीमपुर वार्ड नंबर 10 निवासी 50 वर्षीय गजानंद पासवान किसी कार्य हेतु अपने खेत गया हुआ था। खेत से लौटने के क्रम में यह घटना घटित हुई।
घटना के बाद लोगों ने पिकअप चालक व उप चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने उक्त स्थल पर एनएच 27 को जाम कर दिया। लगभग 01 घंटे के बाद आवागमन बहाल हो सका। मृतक की पत्नी बिहारी देवी अपने पति की शोक में दहाड़ मार कर रो रही थी। रोते रोते वह बार बार बेहोश भी हो रही थी। मृतक को पांच पुत्र है। जिसके सिर से पिता साया सदा के लिए उठ गया। पुत्र सुरेंद्र पासवान, बीरेंदर पासवान, धीरेंद्र पासवान, बिजेंद्र पासवान व छोटू पासवान बिलख रहे थे।
भीमपुर के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया है। चालक व उप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल मृतक के परिजनों की और से आवेदन नहीं दिया गया है। घटना स्थल से पिकअप वाहन को भी जब्त कर थाना लाया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं