सुपौल। भारतीय जनता पार्टी के निर्मली नगर प्रभारी एवं कार्य समिति सदस्य राजा राम प्रसाद गुप्ता ने कुनौली बाजार के सीमा विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस बाजार की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए शीघ्र विकास कार्य कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा है कि कुनौली बाजार नेपाल सीमा से सटा एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बाजार है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग अपनी दैनिक एवं भौतिक आवश्यकताओं की सामग्री खरीदने आते हैं। लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति एवं जलजमाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि सीमा विकास योजना के तहत सड़क के दोनों ओर नाले बनाए गए हैं, लेकिन नालों का समुचित ऊंचीकरण एवं निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर जलजमाव की समस्या बनी रहती है। इससे बाजार क्षेत्र की स्थिति नारकीय हो गई है, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार की छवि को प्रभावित कर रही है।
राजा राम प्रसाद गुप्ता ने पत्र में सीमा विकास सौंदर्यीकरण योजना के तहत दोनों ओर नालों के ऊंचीकरण, सड़क निर्माण एवं बाजार क्षेत्र के समुचित विकास की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सीमा क्षेत्र सीधे एनएच-57 से जुड़ता है, जहां से पटना, दरभंगा, सहरसा, दिल्ली समेत अन्य स्थानों के लिए वाहनों का आवागमन होता है।
उन्होंने बताया कि कुनौली से एनएच-57 की दूरी लगभग 28 किलोमीटर है, जिसमें करीब 15 किलोमीटर तक सीमा सुरक्षा की दो लेन सड़क बनी हुई है। यह सड़क सीधे एनएच-57 से महादेव मठ बाजार होते हुए सीतामढ़ी तक जाती है, जबकि इसे कुनौली होते हुए गुजरना चाहिए था। उन्होंने इसे राजनीतिक उपेक्षा का परिणाम बताया।
भाजपा नेता ने कहा कि भारत का अंतरराष्ट्रीय बाजार होने के बावजूद कुनौली अब तक सीमा सुरक्षा सड़क एवं सौंदर्यीकरण योजना से वंचित है। यदि यहां सीमा सुरक्षा सड़क का निर्माण कराया जाता है तो इससे न केवल बाजार का विकास होगा, बल्कि सीमा क्षेत्र की सुंदरता एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से शीघ्र पहल कर कुनौली बाजार को सीमा सौंदर्यीकरण योजना के तहत विकसित कराने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं