सुपौल। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी शाखा त्रिवेणीगंज की ओर से नगर परिषद क्षेत्र स्थित अनुपलाल यादव महाविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रेडक्रॉस के संस्थापक जीन हेनरी ड्यूनेंट की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं के बीच “मानवता को जीवित रखना” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतिभागियों ने रेडक्रॉस के उद्देश्य, मानव सेवा और सामाजिक सहयोग के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में आकांक्षा कुमारी ने प्रथम, अशफाक आलम ने द्वितीय तथा पलक अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, महाविद्यालय प्राचार्य, रेडक्रॉस चेयरमैन एवं सचिव द्वारा डायरी, कलम सहित अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रेडक्रॉस शाखा के अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि विश्व रेडक्रॉस दिवस स्वयंसेवकों द्वारा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने और उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी का उद्देश्य हर प्रकार की मानवीय गतिविधियों को प्रेरित और क्रियान्वित करना है।
रेडक्रॉस के चेयरमैन मनोज रोशन ने कहा कि रेडक्रॉस एक अंतरराष्ट्रीय मानवीय संस्था है, जिसकी स्थापना जीन हेनरी ड्यूनेंट ने की थी। संस्था का मुख्य उद्देश्य घायल, पीड़ित एवं आपदा प्रभावित लोगों की सहायता करना है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ हेमंत कुमार ने छात्रों को रेडक्रॉस के इतिहास से अवगत कराते हुए कहा कि मानवता की सेवा और सहयोग ही सबसे बड़ा धर्म है।
रेडक्रॉस के सचिव करण कुमार लड्डू ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मानव हित में प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो विद्यानंद यादव ने स्कूली बच्चों एवं स्वयंसेवकों से मानव सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मौके पर प्रो. विनोद कुमार विमल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, जसप्रीत कौर, हीरेंद्र कुमार, संत सरोज, राजेश चौधरी, दीपक कुमार, सतीश कुमार आलोक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं