सुपौल। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान "हर घर कांग्रेस का झंडा" कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को छातापुर विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर प्रखंड और वीरपुर नगर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस झंडा वितरण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह बिहार कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रभारी प्रो. रंजीत कुमार मिश्र ने किया। कार्यक्रम में सुपौल जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजनारायण प्रसाद गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम निर्मली, दीनबंधी, परमानंदपुर, बसंतपुर पंचायत तथा वीरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रंजीत कुमार मिश्र ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि "हर घर पर कांग्रेस का झंडा लहराना सामाजिक सौहार्द्र, एकता और भाईचारे का प्रतीक है।"
उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत बनाना बिहार और देश के लोकतंत्र के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष प्रो. शिवाकांत मिश्र, कामेश्वर प्रसाद सिंह, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सहनोगिया, किसान कांग्रेस के प्रदेश सचिव मो. अंसार, मो. अब्दुल्ला, विश्वंभर झा, महाकांत मिश्र, दुर्गानंद ठाकुर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता ने कांग्रेस के नेताओं का स्वागत किया और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। स्थानीय लोगों ने इस पहल को समाज में सौहार्द्र और राजनीतिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाली एक सकारात्मक कोशिश बताया।
कोई टिप्पणी नहीं