सुपौल। छातापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित चकबंदी चौक के पश्चिम ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र पर रविवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में अलौकिक रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में शालिनी दीदी सहित सभी दीदियों ने मौजूद भाई-बहनों को तिलक लगाकर राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव की दिव्यता ने उपस्थित लोगों को परमात्म प्रेम का अनुभव कराया।
सेवा केंद्र पर आए सभी लोगों के लिए भोजन प्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर शालिनी दीदी ने कहा कि जब सभी संबंधों की डोर परमात्म प्रेम और निस्वार्थ भाव से जुड़ जाती है, तब स्वयं के साथ दूसरों की रक्षा स्वतः हो जाती है। रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं बल्कि भारत की संस्कृति और मानवीय मूल्यों को प्रत्यक्ष करने वाला पर्व है। यह अनेक आध्यात्मिक रहस्यों को प्रकाशित करने और भाई-बहन के वैश्विक रिश्तों की स्मृति दिलाने वाला परमात्म उपहार है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में ऐसी ही आध्यात्मिक राखी की आवश्यकता है जो स्वयं को और समस्त आत्माओं को जोड़ सके, जिससे भारत पुनः सर्वगुण संपन्न और स्वर्णिम बन सके।
उत्सव में सेवा केंद्र की सुनीती दीदी, किरण दीदी, वंदना दीदी, संजु दीदी और लक्ष्मी दीदी ने सफलतापूर्वक संचालन किया। मौके पर सुखदेव भगत, दिनेश चौधरी, राजकुमार भगत, लक्ष्मी साह, मानिकचंद दास, अशोक भगत, संजीव कुमार भगत, ललितेश्वर पांडेय, सुशील प्रसाद कर्ण, प्रेम नारायण यादव, रंजन भगत, मनोज साह, सुशीला देवी, कंचन पांडेय और छोटू भगत समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कोई टिप्पणी नहीं