सुपौल। छातापुर मुख्यालय पंचायत अंतर्गत नरहैया गांव स्थित राम टोला में रविवार को संत शिरोमणी रविदास की स्वर्णिम 649वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भव्य शोभायात्रा, भजन-कीर्तन एवं प्रवचन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भजन-कीर्तन एवं संतों के प्रवचनों से हुई, जिसमें संत शिरोमणी रविदास के जीवन, उनके विचारों एवं समाज सुधारक के रूप में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। संतों ने कहा कि महान संत रविदास हम सभी के लिए भगवान स्वरूप एवं मार्गदर्शक हैं तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज प्रगति कर सकता है।
नरहैया गांव से उमंग और उत्साह के साथ निकली शोभायात्रा मुख्यालय बाजार तक पहुंची। गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में अनुयायी एवं समाज के आम श्रद्धालु शामिल हुए। संत शिरोमणी रविदास के जयकारों से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा।
आयोजन स्थल पर आगंतुक साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी। वहीं वार्ड संख्या 14 के अनुयायियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन के सफल संचालन में सहयोग किया।
इस अवसर पर धनश्याम राम, चंदन राम, बीरेंद्र राम, महेंद्र राम, उमेश राम, सिकंदर राम, हिमांशु कुमार, दिव्यांशु कुमार, ओम प्रकाश कुमार, हेमंत कुमार, नीरज कुमार, मंजेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं