सुपौल। 02 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा के कदाचार मुक्त एवं सफल संचालन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल द्वारा 01 फरवरी 2026 को प्रखंड सुपौल, त्रिवेणीगंज एवं पिपरा अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पूर्व सभी छात्र-छात्राओं के एडमिट कार्ड का मिलान करते हुए उनकी गहन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन, चिट-पुर्जा अथवा अन्य निषिद्ध सामग्री परीक्षा कक्ष में प्रवेश न कर सके।
इसके लिए सभी इनविजीलेटरों को भी परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया में सक्रिय रूप से लगाए जाने का निर्देश दिया गया। साथ ही मुख्य द्वार पर अनावश्यक भीड़भाड़ न हो, इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों को उनके रोल क्रमांक के अनुसार तेजी से जांच कर परीक्षा कक्ष में प्रवेश देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद एवं द्वितीय पाली की परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालय के सभी वर्ग कक्षों, परीक्षा कक्षों, विद्यालय परिसर एवं शौचालय की साफ-सफाई शीघ्रता से कराई जाए। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा कक्षों में लगी दीवार घड़ियों की नियमित जांच करने एवं बंद पाए जाने पर तुरंत बैटरी लगाकर समय सही करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के लिए समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं